श्रद्धांजलि: खंडूड़ी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा और ईमानदारी की मिसाल रहा – मुख्यमंत्री
ब्यूरो
Posted no : 19/05/2026
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून स्थित वसंत विहार में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री धामी सीधे स्वर्गीय श्री खंडूड़ी के निवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के पश्चात उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार प्रदान करने में खंडूड़ी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यहित में अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को प्राप्त हो रहा है।
