दिवंगत भुवन चंद्र खंडूड़ी का खड़खड़ी श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, राजनेताओं का लगा जमावड़ा
ब्यूरो
Posted no : 20/05/2026
हरिद्वार।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को बुधवार को खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दिवंगत नेता को अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
इस मौके पर केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का उदाहरण रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया। उनके कार्यों को उत्तराखंड ही नहीं, पूरा देश हमेशा याद रखेगा। सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचारों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान प्रेरणादायक रहा।
मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में शुचिता, पारदर्शिता और अनुशासन के साथ उत्कृष्ट कार्य किए।
उन्होंने कहा कि वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे। उनके साथ काम करने का अवसर मिला, उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों व शुभचिंतकों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि उनका जाना उत्तराखंड के लिए यह बहुत बड़ी क्षति है, लेकिन उनके द्वारा स्थापित आदर्श हमें हमेशा मार्गदर्शन देते रहेंगे।”
इस मौके पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सहित सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों मंत्रीगणों, विधायकों, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर,जनप्रतिनिधि, आधिकारियों, सेना के अधिकारियों जवानों एवं आमजन द्वारा दिवंगत आत्मा को पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम सलामी दी।
