कांवड़ मेले में बड़ा हादसा, चंडीगढ़ के 4 कांवड़ियों की डूबकर मौत, शव बरामद
ब्यूरो
Posted no : 31/07/2026
हरिद्वार।
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 4 कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। सभी किशोर कांवड़िया चंडीगढ़ से हरिद्वार आए थे। दुर्घटना शुक्रवार को ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास की है। जानकारी के अनुसार, सिल्ट हटाने के कारण नहर में पानी का बहाव कम था, जिसके चलते कांवड़िये बीच नहर में नहाने उतर गए।
इसी दौरान एक कांवड़िया गहरे पानी में फंसकर डूबने लगा। तो उसे बचाने के लिए अन्य 3 साथी भी पानी में उतर गए और डूबकर लापता हो गए। सूचना पर पहुंची जल पुलिस और स्थानीय टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर चारों के शव बरामद कर लिए। मृतकों की उम्र 16 से 18 वर्ष बताई जा रही है। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
