कुंभ मेले में मोबाइल नेटवर्क हों मजबूत श्रद्धालुओं को मिले निर्बाध सेवा – मेलाधिकारी

कुंभ मेले में मोबाइल नेटवर्क हों मजबूत श्रद्धालुओं को मिले निर्बाध सेवा – मेलाधिकारी

ब्यूरो

Posted no : 19/05/2026

हरिद्वार।
कुंभ मेला 2027 में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को आधुनिक और निर्बाध संचार सुविधाएं देने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 14 जनवरी से 20 अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले इस महाकुंभ के दौरान मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं को मजबूत करने के लिए दूरसंचार विभाग और प्रमुख मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ मिलकर एक विशेष कार्ययोजना पर काम शुरू हो गया है।

​मेलाधिकारी सोनिका ने दूरसंचार विभाग और टेलीकॉम कंपनियों (जियो, एयरटेल, वीआई, बीएसएनएल) के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर संचार सेवाओं की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व के अनुभवों को देखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को अधिक आधुनिक बनाया जाएगा। मेला क्षेत्र के सभी सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में अस्थायी टावर लगाए जाएंगे। इसके लिए मेला प्रशासन एक सप्ताह के भीतर बेसलाइन डाटा और संभावित भीड़ का विवरण दूरसंचार विभाग को सौंपेगा, जिसके आधार पर आगामी 10 जून तक विस्तृत दूरसंचार योजना तैयार कर ली जाएगी।

​बेहतर नेटवर्क के लिए तीन स्तरों पर काम होगा— स्थायी टावरों का अपग्रेडेशन, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ‘सेल ऑन व्हील’ (COW) टावरों की स्थापना, और भवनों व खंभों पर भारी मात्रा में ‘स्मॉल सेल’ उपकरण लगाना। एक स्मॉल सेल उपकरण करीब 200 मीटर के दायरे में शानदार कनेक्टिविटी देगा। मोबाइल टावरों की स्थापना में समन्वय के लिए अपर मेलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में एसएसपी (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल सहित दूरसंचार विभाग और आईटीडीए के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *