कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
ब्यूरो
Posted no : 19/06/2026
हरिद्वार।
आगामी कुंभ मेला-2027 में रेल से कुंभ नगरी पहुंचने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए रेलवे विभाग भी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। इसी सिलसिले में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर मेला नियंत्रण भवन में पुलिस, रेलवे और मेला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में आगामी वर्ष 14 जनवरी से 20 अप्रैल तक चलने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि मुख्य स्नान पर्वों पर बढ़ने वाले भारी यात्री दबाव को देखते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था और प्लेटफॉर्म प्रबंधन की कार्ययोजना समय रहते पूरी कर ली जाए। उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर पर्याप्त क्षमता वाले सुविधायुक्त ‘होल्डिंग एरिया’ विकसित करने और भीड़ की त्वरित व सुरक्षित निकासी के लिए प्रभावी सिस्टम बनाने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि पिछले अनुभवों के आधार पर इस बार मुख्य स्नानों पर करीब सवा से दो करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। मेले की सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए सीसीटीवी कैमरों और कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा, ताकि सभी एजेंसियां आपस में बेहतर समन्वय के साथ त्वरित निर्णय ले सकें।
