हरिद्वार जमीन घोटाला: एक आईएएस कि बर्खास्तगी की संस्तुति, अन्य अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई
ब्यूरो
Posted no : 19/06/2026
हरिद्वार।
बहुचर्चित हरिद्वार नगर निगम जमीन घोटाले के मामले में सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। जमीन घोटाले के सूत्रधार रहे तत्कालीन नगर निगम हरिद्वार के नगर आयुक्त आईएएस अधिकारी वरुण चौधरी की बर्खास्तगी की संस्तुति कर दी गई है। जबकि तत्कालीन डीएम कर्मेंद्र सिंह के खिलाफ भी मेजर पनिशमेंट निर्धारित किया गया है। इसके अलावा हरिद्वार के एसडीएम रहे अजयवीर सिंह के आगामी तीन प्रमोशन पर रोक लगा दी गई है।

इस घोटाले से जुड़े अन्य 10 अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। नवंबर 2024 में हरिद्वार के सराय गांव के पास डंपिंग यार्ड के विस्तार की योजना के नाम पर 12 से 15 करोड़ रुपए की कीमत वाली कृषि भूमि को लैंड यूज चेंज कर 54 करोड़ में खरीदा गया था। खास बात ये है कि घोटाले का ये खेल उस वक्त खेला गया जब नगर निगम बोर्ड को निर्वाचित मेयर नहीं बल्कि प्रशासक संभाल रहे थे। अधिकारियों के निलंबन के करीब 1 साल बाद धामी सरकार ने ये बड़ी कार्रवाई की है।
