हरिद्वार।
हरिद्वार जिले के लोगों के लिए आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं को लेकर राहत की खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की ओर से जिले का पहला अधिकृत आधार केंद्र ज्वालापुर में आर्य नगर चौक के पास शुरू किया गया है। हाल ही में शुरू हुए इस केंद्र पर जिलेभर से लोग पहुंचकर नए आधार कार्ड बनवाने, आधार में संशोधन समेत अन्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। खास बात ये है कि केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा, जिससे लोग अपनी सुविधा के अनुसार आधार संबंधी कार्य करा सकेंगे।

आधार केंद्र के ऑपरेशनल मैनेजर गौरव राणा के अनुसार इस सेंटर में आधार सेवाओं से जुड़े चाहे डेमोग्राफिक चेंज हो या बायोमेट्रिक हर तरह की सुविधा उपलब्ध है। यहां पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। केंद्र में आधार से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क की सूची भी लगाई गई है, जिससे पूरी पारदर्शिता के साथ लोग अपना काम करा सकें।

स्थानीय निवासी योजन अरोड़ा का कहना है कि इससे पहले आधार सेवाओं के लिए लोगों को बैंक शाखाओं या सीएससी सेंटरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अधिकृत आधार केंद्र शुरू होने के बाद लोगों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

आज के समय में आधार कार्ड हर व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में जिले में अधिकृत आधार केंद्र शुरू होने से लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए बार-बार बैंक या सीएससी सेंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आधार में संशोधन हो या नया आधार बनवाना, अब लोगों के लिए प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *