ऋषिकेश।
चीला दुर्घटना के बाद से लापता राजाजी टाइगर रिजर्व की वार्डन आलोकी का शव मिल गया है। एसडीआरएफ द्वारा चार दिन तक चलाए सर्च ऑपरेशन के बाद बृहस्पतिवार सुबह चीला बैराज से मृतका अलोकी का शव बरामद कर लिया है। सोमवार को चीला बैराज के पास हुई दुर्घटना में पांच फॉरेस्ट अधिकारियों की मौत हो गई थी। सोमवार रात से ही एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन लगातार चल रहा था। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने जानकारी दी की पिछले चार दिनों से कई स्तरों पर एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी था। बृहस्पतिवार सुबह मृतक महिला का शव बरामद कर लिया गया है।
दुर्घटना का वीडियो भी आया सामने
वन विभाग के पांच अधिकारियों ने जिस दुर्घटना में अपनी जान गंवा दी उस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो गाड़ी के डैशबोर्ड कैमरे से रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो में इलेक्ट्रिक व्हीकल हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर जाते हुए चीला बैराज पर पड़ने वाले ढलान पर चढ़ती हुई दिख रहा है। जैसे ही ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई तो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और पेड़ से जा टकराई। लक्ष्मण झूला थाना पुलिस ने वाहन कंपनी के ड्राइवर और मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
