हरिद्वार।
हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में दसवीं के छात्रों के बीच मामूली विवाद के बाद पिस्टल दिखाकर धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के पिता ने कनखल थाने में शिकायत देते हुए बताया कि ट्यूशन में हुए विवाद के बाद उसके बेटे के साथ पढ़ने वाले एक छात्र और उसके एक अन्य साथी ने वीडियो कॉल पर उसके बेटे को पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी है।
शिकायत के आधार पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामला नाबालिक बच्चों से जुड़ा हुआ होने के चलते पुलिस संवेदनशीलता बरत रही है। बताया जा रहा है कि ट्यूशन पढ़ने के दौरान दो छात्रों में मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी जिसके बाद वीडियो कॉल कर धमकी दी गई। कनखल थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर भावना कैंथोला ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ है मामले की जांच की जा रही है।
