सोमवती अमावस्या स्नान: धर्मनगरी में उमड़ा भक्तों का जन सैलाब, ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई
ब्यूरो
Posted no : 15/06/2026
हरिद्वार।
आज सोमवती अमावस्या है। इस दिन धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। दूर-दूर से श्रद्धालु हर की पैड़ी समेत दूसरे गंगा घाटों पर डुबकी लगाने के लिए पहुंच रहे हैं। रविवार को भी दिन भर श्रद्धालुओं का आना जारी रहा और हरिद्वार में हाईवे से लेकर शहर तक ट्रैफिक जाम लग रहा। आज सुबह 4 बजे से हर की पैड़ी और अन्य गंगा घाट श्रद्धालुओं की भीड़ से पटे पड़े हैं। हरिद्वार की सभी पार्किंग, होटल, धर्मशालाएं फुल नजर आ रही हैं।
सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान का विशेष महत्व बताया गया है। जून महीने में स्कूलों की छुट्टी होने के चलते भी इस दिन भारी भीड़ उमड़ रही है। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 16 जोन और 40 सेक्टर में बांटा गया है, वहीं डीएम एसएसपी भी ट्रैफिक कंट्रोल और भीड़ नियंत्रण के लिए खुद ग्राउंड पर उतरकर जूझते हुए नजर आ रहे हैं।
