श्यामपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की शुरुआत, हजारों ग्रामीणों को राहत
ब्यूरो
Posted no : 20/09/2026
श्यामपुर, हरिद्वार।
श्यामपुर और आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं का इंतजार कर रहे ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में टाइप ए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की शुरुआत हो गई है, जिससे अब ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही प्राथमिक उपचार मिलने लगा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ये इमारत करीब 2 साल पहले बनकर तैयार हो गई थी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के अनुसार, नवनिर्मित पीएचसी में मेडिकल ऑफिसर और आवश्यक स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही मरीजों के लिए पर्याप्त स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के विधिवत संचालन से अब मरीजों को सामान्य इलाज के लिए अन्यत्र नहीं भटकना पड़ेगा।
स्थानीय ग्रामीण विकास, आरती और बबीता ने खुशी जताते हुए कहा कि पहले छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी हरिद्वार भागना पड़ता था। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के कई गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके समय व पैसे दोनों की बचत होगी।
