हरिद्वार।
भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को भाजपाइयों ने कांग्रेस के भूमि बचाओ अभियान के विरोध में काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस पर विकास विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने जमकर निशाना साधा।

जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का भूमि बचाओ अभियान भूमि संरक्षण की मुहिम नहीं, बल्कि अपनी डूबती राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है। वहीं, सात हजार बीघा जमीन बेचने का कांग्रेस का आरोप भ्रामक है। सरकार के अनुसार इस संबंध में केवल तीन बोलियां प्राप्त हुई हैं और कोई बोली अंतिम रूप से तय नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक एवं पर्यटन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं, मजदूरों, व्यापारियों और किसानों को रोजगार के अवसर मिलते हैं। कांग्रेस को धामी सरकार से सवाल पूछने के बजाय हरीश रावत सरकार के कार्यकाल का विकास और रोजगार रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सरकारी भूमि की सुरक्षा, स्थानीय हितों के संरक्षण और प्रदेश में निवेश एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदर्शन में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा बिष्ट, लव शर्मा, नीपेंद्र चौधरी, तेलू राम प्रधान, एजाज हसन समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *