हरिद्वार।
हरिद्वार के राजकीय डिग्री कॉलेज भूपतवाला में छात्र-छात्राएं उद्यमिता के गुर सीख रहे हैं। उच्च शिक्षा विभाग और भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के ज्वाइंट प्रोग्राम के तहत सरकारी कालेजों में छात्रों को एंटरप्रेन्योरशिप और स्टार्टअप के बारे में बताया जा रहा है। भूपतवाला डिग्री कॉलेज में भी 12 दिन का ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इसके तहत अहमदाबाद से आए ट्रेनर्स छात्रों को मौजूदा समय में स्वरोजगार के साधनों के बारे में बता रहे हैं।
छात्रों को प्रशिक्षण दे रहे प्रशिक्षक आशीष विश्वकर्मा ने जानकारी दी की अहमदाबाद स्थित एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया की ओर से विभिन्न स्तरों पर यह प्रोग्राम चलाया जा रहा है जिसमें छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों को रोजगार और नए रोजगारों के सृजन के बारे में जानकारी दी जा रही है।
वहीं छात्र भी ट्रेनिंग के बाद रोजगार के नए अवसरों को तलाशने की बात कह रहे हैं। डिग्री कालेज के छात्र समीर चौहान का कहना है कि ट्रेनिंग के दौरान उन्हें काफी नई चीजों के बारे में जानने का मौका मिल रहा है। इस समय ज्यादातर युवा सरकारी नौकरियों की तरफ भाग रहे हैं लेकिन नौकरियां सीमित है इसलिए युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों को पहचान कर उन्हें अपनाना चाहिए।
