हरिद्वार।
रुड़की में बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। 40 साल के जोगिंदर की हत्या से क्षेत्र में सनसनी मची हुई है। हत्याकांड की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस हर पहलू पर मामले की जांच कर रही है।
घर में घुसकर मार दी गोली
घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे की है। जब गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पनियाला रोड पर रहने वाले जोगिंदर अपने घर में बने ऑफिस में बैठे हुए थे। तभी हथियारों से लैस तीन बदमाश चारदीवारी फांदकर ऑफिस में आ घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जोगिंदर पर गोलियां चलाकर बदमाश फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही परिजनों ने खून से लथपथ जोगेंद्र को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। बेखौफ बदमाशों द्वारा किए गए हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी मची हुई है। हरिद्वार के एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल का कहना है कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
