हरिद्वार।
हरिद्वार में पुलिस ने हर की पैड़ी के पास से बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। बांग्लादेश की रुबीना पिछले कई सालों से रूबी बनकर रह रही थी। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान महिला पकड़ में आई है। रुबीना 10 साल पहले अपने 5 साल के बच्चे के साथ बांग्लादेश से आई थी। इसके बाद उसने पीलीभीत के संतोष के साथ शादी की थी और हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र के रोड़ीबेलवाला में झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। इस दौरान महिला ने बड़ी आसानी से लोकल आधार कार्ड और पैन कार्ड भी बनवा लिए। पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला बांग्लादेश में स्थित अपने परिवार के संपर्क में थी। पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने जानकारी दी कि रुबीना रोड़ी बेलवाला में रहकर हर की पैड़ी पर श्रद्धालुओं को चंदन टीका लगाने का काम कर रही थी। हरिद्वार पुलिस के सत्यापन अभियान के दौरान घुसपैठ का ये मामला पकड़ में आया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि महिला से जुड़े कुछ और लोग भी बांग्लादेश से आए थे जो दूसरे राज्यों में रह रहे हैं। पुलिस उनके लिंक भी तलाश रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *