गुड वर्क: ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई, अवैध संबंधों में हुई थी बांदा की महिला की हत्या, 3 पकड़े
ब्यूरो
Posted no : 07/06/2026
हरिद्वार।
हरिद्वार पुलिस ने महिला के ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है। 10 मई को अज्ञात महिला का शव चंडी देवी मंदिर रोप वे पास जंगल में मिला था। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर श्यामपुर थाना पुलिस और सीआईयू ने मामले की तफ्तीश शुरू की।
अज्ञात महिला की सड़ी-गली लाश के मामले का हरिद्वार पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तफ्तीश के बल पर खुलासा कर दिया है। चेहरा पूरी तरह विकृत होने के कारण शिनाख्त करना लगभग नामुमकिन था। पुलिस ने ना केवल मृतका शिनाख्त की, बल्कि घटना के 25 दिनों के भीतर 700 किलोमीटर दूर बुंदेलखंड यूपी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चुनौतीपूर्ण थी जांच की शुरुआत
बीती 10 मई 2025 को पुलिस को प्रतिबंधित रास्ते की झाड़ियों में शव मिला था। आंधी-तूफान के कारण घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त थे, जिससे वारदात की सही तारीख का अंदाजा लगाना मुश्किल था। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन और एसपी क्राइम निशा यादव के पर्यवेक्षण में पुलिस ने जांच को दो हिस्सों में बांटा—पहला मृतका की पहचान और दूसरा हत्यारोपियों की तलाश।
डेटा और सोशल मीडिया का स्मार्ट इस्तेमाल
मृतका के हाथ पर ‘KAUSHILYA’, ‘K.R.’ और ‘R’ गुदा हुआ था। पुलिस ने इस सुराग के आधार पर साल 2019 से अब तक दर्ज 164 कौशल्या नाम की महिलाओं की गुमशुदगी खंगाली और निर्वाचन कार्यालयों के डेटा से 3,540 नामों का विश्लेषण किया। इसके साथ ही, तकनीकी टीम (CIU) ने घटनास्थल के 5 किलोमीटर के दायरे से 144 घंटों का ‘डम्प डेटा’ निकाला, जिसमें करीब 1,64,605 मोबाइल नंबर मिले। इन सभी नंबरों की ट्रू-कॉलर और अन्य तकनीकी माध्यमों से बारीकी से छंटनी की गई।
सीसीटीवी खंगालने से मिला सुराग
सैकड़ों नंबरों की जांच परख के बीच, पुलिस ने 5 किलोमीटर के दायरे के सभी कैमरों की 1 से 10 मई तक की बैकअप फुटेज जांची। करीब 600 घंटों की फुटेज खंगालने के बाद 8 मई 2026 की रात एक फुटेज में तीन संदिग्ध युवक एक महिला को चंडी देवी की तरफ ले जाते दिखे, जबकि लौटते वक्त महिला उनके साथ नहीं थी।
सर्विलांस से दबोचे गए हत्यारोपी
रूट चार्ट और संदिग्ध नंबरों के मिलान से पुलिस बांदा (यूपी) निवासी राकेश, रामप्रकाश उर्फ गोविंदा और छेदीलाल तक पहुंची। कड़ाई से पूछताछ में मुख्य आरोपी रामप्रकाश ने कुबूल किया कि उसका मृतका कौशल्या से प्रेम प्रसंग था। मृतका द्वारा शादी का दबाव बनाने पर उसने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पहचान छुपाने के उद्देश्य से वे कौशल्या को चंडी देवी दर्शन के बहाने हरिद्वार लाए और गला घोंटकर शव झाड़ियों में फेंक दिया।
इस बेहद जटिल और आधुनिक तकनीकी जांच पर आधारित खुलासे के लिए आईजी गढ़वाल रेंज द्वारा पुलिस टीम को 5,000 रुपये और एसएसपी हरिद्वार द्वारा 2,500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।
