कुंभ मेला 2027: तैयारियों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करें सभी विभाग – आयुक्त गढ़वाल
ब्यूरो
Posted no : 06/06/2026
हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सीसीआर सभागार में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आयुक्त आनंद स्वरूप ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेला राज्य की प्रतिष्ठा और आस्था से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। इसलिए सभी विभाग अपने दायित्वों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करें और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय करें। उन्होंने कहा कि अब योजनाओं को धरातल पर उतारने का समय है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तैयारियों की नियमित निगरानी के लिए अब हर महीने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक होगी। आयुक्त ने निर्देश दिए कि इन बैठकों में केवल विभागों के नामित नोडल अधिकारी ही शामिल होंगे, जिन्हें अपने विभाग के कार्यों की पूरी जानकारी हो। उन्होंने रेलवे, परिवहन और अन्य एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाने तथा आपातकालीन स्थितियों के लिए वैकल्पिक कार्ययोजना तैयार रखने के भी निर्देश दिए।
बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़ीं मेलाधिकारी सोनिका ने मेले की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेल व सड़क परिवहन व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना को सभी संबंधित विभाग जल्द से जल्द अंतिम रूप दें।
