पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा का संकल्प, भाजपा जिला कार्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित
ब्यूरो
Posted no : 17/09/2026
हरिद्वार।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। सरकार और भाजपा संगठन की ओर से इस अवसर पर सेवा, जनकल्याण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित हुए। हरिद्वार में भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम हुए।
हरिद्वार के जिला भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हरिद्वार के लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाजसेवियों ने भी रक्तदान किया।
इस दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में सरकार और संगठन की ओर से जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत अगले एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बीजेपी हरिद्वार के जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी के रक्त की हर बंद देश के लिए समर्पित है उसी तरह भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव दर्शाने के लिए रक्तदान शिविर में भाग ले रहा है।
वहीं, हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर परिसर में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभाशीष दिया।
हरिद्वार में आयोजित इन कार्यक्रमों के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने की बात कही गई।
