DPRO ने किया पंचायत घर का औचक निरीक्षण, गंदगी मिलने पर अधिकारियों को फटकार
ब्यूरो
Posted no : 15/09/2026
हरिद्वार।
जिला पंचायती राज अधिकारी (DPRO) मौहम्मद मुस्तफा खान ने रुड़की विकासखंड के ग्राम पंचायत भंगेड़ी महावतपुर का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान DPRO ने पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (ठोस अपशिष्ट प्रबंधन) की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
निरीक्षण में पंचायत घर परिसर स्थित शौचालय और परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था खराब पाई गई, जिस पर डीपीआरओ ने नाराजगी व्यक्ति की। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था देख DPRO ने संबंधित प्रधान और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VDO) को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तीन दिनों के भीतर पंचायत घर, कार्यालय कक्ष और शौचालयों की सफाई कर व्यवस्था को सुचारू करने का सख्त अल्टीमेटम दिया। इसके साथ ही, गांव में व्यापक सफाई अभियान चलाने, नालियों की नियमित सफाई करने और सूखे और गीले कचरे के निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने के कड़े निर्देश जारी किए।
डीपीआरओ खान ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनस्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान सुधार नहीं पाया गया, तो लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
