GRP हरिद्वार को तिहरी सफलता, चोरी के 3 मामलों का खुलासा, माल भी बरामद
ब्यूरो
Posted no : 16/09/2026
हरिद्वार।
जीआरपी हरिद्वार ने ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी के लैपटॉप और रेलवे स्टेशन के टिकट घर के पीछे से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी यात्रियों की लापरवाही का फायदा उठाकर चलती ट्रेन और प्लेटफार्म पर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पहले मामले में 12 सितंबर को नंदा देवी एक्सप्रेस से हरिद्वार पहुंचे बिहार निवासी गोविंद प्रसाद गुप्ता का प्लेटफार्म नंबर एक से लैपटॉप चोरी हो गया था। पुलिस ने दीपक उर्फ वंश पुत्र कलमवीर, निवासी दिल्ली रोड गागल, मुरादाबाद को गिरफ्तार कर चोरी का ASUS लैपटॉप बरामद किया।
दूसरे मामले में टिकट घर के पीछे खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में पुलिस ने रोहन उर्फ टेढ़ा पुत्र सुभाष, निवासी ग्राम जसोला, थाना खतौली, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
तीसरे मामले में देहरादून-काठगोदाम ट्रेन में निहारिका पांडे का लैपटॉप चोरी हुआ था। पुलिस ने 15 सितंबर को रायवाला-मोतीचूर क्षेत्र से सुनील कुमार पुत्र धनीराम, निवासी बिटवाना, थाना मॉडल टाउन, रेवाड़ी (हरियाणा) को गिरफ्तार कर चोरी का Lenovo ThinkPad लैपटॉप बरामद किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कप्तान जीआरपी अरुणा भारती ने बताया कि चोरी के प्रकरण सामने आने पर जीआरपी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विपिन कुमार पाठक की अगुवाई में टीमों का गठन किया गया और विभिन्न माध्यमों से जांच पड़ताल करते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की गई।
