मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) पर राजनीतिक दलों के साथ एडीएम की बैठक, 3 अक्टूबर को आएगा अंतिम प्रकाशन
ब्यूरो
Posted no : 11/09/2026
हरिद्वार।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, जो पहले 15 सितंबर को होना तय था, उसकी तिथि में संशोधन किया गया है। अब यह अंतिम प्रकाशन आगामी 3 अक्टूबर को किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों को मतदाता सूची से संबंधित फॉर्म 6, 7 और 8 के निस्तारण की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में सभी राजनीतिक दलों द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि शेष बचे सभी कार्यों को भी पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा।
बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल नेतृत्व और जिला प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की। इस मौके पर पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, बसपा जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार, भाजपा हरिद्वार के कार्यालय प्रभारी नकली सिंह सैनी और भाजपा रुड़की ग्रामीण के संगठन महामंत्री साहिल राणा समेत अनेक पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
