देहरादून।
उत्तराखंड की दो विधानसभाओं में होने जा रहे उप चुनाव के लिए भाजपा के अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा ने मंगलौर सीट से करतार सिंह भड़ाना को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बद्रीनाथ सीट से कांग्रेस से भाजपा में आए राजेंद्र भंडारी को अपनी विधायकी बचाने का मौका दिया है।

करतार सिंह भड़ाना हरियाणा में मंत्री और यूपी में विधायक रह चुके हैं। मार्च महीने में उन्होंने हरिद्वार में भाजपा ज्वाइन की थी। वहीं राजेंद्र भंडारी ने लोकसभा चुनावों से पहले पार्टी बदलते हुए कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली थी। राजेंद्र भंडारी बद्रीनाथ विधानसभा के विधायक थे। दल बदल कानून के तहत उनकी विधानसभा की सदस्यता चली गई थी।
मंगलौर में मुक़ाबला होगा दिलचस्प
भाजपा की ओर से कद्दावर नेता को मंगलौर सीट से टिकट देने के बाद इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है। क्योंकि बसपा सिंपैथी वोट बटोरने के लिए दिवंगत विधायक सरवत करीम अंसारी के परिवार के सदस्य को ही टिकट देने जा रही है। जबकि कांग्रेस 2022 में विधानसभा चुनावों में मामूली अंतर से हारे काज़ी निजामुद्दीन को ही एक बार फिर मौका दे सकती है।
