हरिद्वार।
हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला होमगार्ड को ठगों ने निशाना बनाते हुए उससे 1 लाख रुपए ठग लिए। ठगी का पता चलने पर महिला होमगार्ड ने कनखल थाने में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
कनखल के विष्णु गार्डन में रहने वाली महिला होमगार्ड अनीता वर्मा ने बताया कि उसका बेटा बाहर रहता है। उसके फोन पर एक व्हाट्सएप कॉल आई जिसमें उसे बताया गया कि उसके पुत्र पर एक युवती से रेप के बाद उसकी हत्या करने का आरोप लगा है। हालांकि इस कांड में उसका पुत्र शामिल नहीं है और उसका नाम केस से निकाला जा सकता है। लेकिन उसका नाम निकालने की एवज में एक लाख रुपए देने होंगे।
महिला ने बताया कि जिस नंबर से कॉल आई उस पर इंस्पेक्टर की डीपी लगी हुई थी। और कॉल करने वाले ने दबाव बनाकर उससे 1 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। थोड़ी देर बाद जब महिला ने अपने बेटे से बात की तो बेटे ने ऐसे किसी भी मामले से इनकार कर दिया और खुद के ठीक होने की जानकारी दी। ठगी का पता चलने पर महिला ने कनखल थाने में शिकायत दी। कनखल थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर भावना कैंथोला ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
