हरिद्वार।

हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर भूपतवाला क्षेत्र में लगने वाले जाम से अब लोगों को निजात मिल जाएगी। एनएच 34 पर बनकर तैयार हुए 3 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर मंगलवार को यातायात के लिए खोल दिया गया है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हरिद्वार पहुंचकर इस फ्लाईओवर समेत कुल 4,750 करोड़ की 30 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेता मौजूद रहे।

जनता को जाम में मिलेगी निजात

उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में बनकर तैयार हुए करीब 3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के शुरू हो जाने से आगामी चार धाम यात्रा में लोगों को जाम से निजात मिलेगी। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तराखंड में एनएचएआई की एक लाख करोड़ की परियोजनाएं चल रही है और कई अन्य योजनाओं को भी स्वीकृति दी जानी है। आने वाले दो-तीन सालों में एनएचएआई के जरिए उत्तराखंड में 2 लाख करोड़ की परियोजनाएं पूरी कर ली जाएंगी।

दो घंटे में दिल्ली से देहरादून 

साथ ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इस साल दिसंबर में दिल्ली से देहरादून के लिए बन रहा 213 किलोमीटर लंबा सिक्स लेन हाईवे बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद दिल्ली और देहरादून के बीच की दूरी मात्र 2 घंटे की रह जाएगी और इस रूट पर कोई हवाई यात्रा नहीं करेगा। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि उत्तराखंड में तेजी से रोड इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ रहा है। जिसकी वजह से यहां यात्रियों और श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *