हरिद्वार।
उत्तराखंड सरकार ने लंबित स्टांप ड्यूटी वादों के निस्तारण के लिए वन टाइम सेटलमेंट (एकमुश्त निपटारा) योजना लागू की है। इसके तहत हरिद्वार जिले में भी प्रशासन ने लंबित मामलों के निस्तारण की कवायद तेज कर दी है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता के अनुसार, जिले में स्टांप चोरी से जुड़े 250 से अधिक वाद लंबित हैं। इनके निस्तारण से 700 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व वसूली का अनुमान है।
6 नवंबर से शुरू हुई यह योजना तीन महीने तक प्रभावी रहेगी। योजना के तहत एडीएम कोर्ट में लंबित वादों की सुनवाई की जाएगी। एकमुश्त धनराशि जमा करने वाले वादियों को नियमानुसार पेनल्टी में छूट दी जाएगी। वहीं, स्टांप और राजस्व मामलों से जुड़े अधिवक्ताओं ने भी योजना का स्वागत किया है। उनका कहना है कि जानकारी के अभाव में स्टांप ड्यूटी चोरी के मामलों में फंसे लोगों को इससे बड़ी राहत मिल सकती है। साथ ही लंबे समय से लंबित विवादों का निस्तारण और राजस्व वसूली भी संभव होगी।
