हरिद्वार।
केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत सरकार नहीं, बल्कि उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। हरिद्वार में रविवार को आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, एकजुटता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ कार्यकर्ताओं की मेहनत ने भाजपा को देशभर में मजबूत बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन सुदृढ़ीकरण के नौ सूत्र देते हुए युवाओं को जोड़ने, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, विपक्ष के आरोपों का तथ्यों से जवाब देने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की।

सीएम धामी बोले- 2027 में भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार ने विकास की नई इबारत लिखी है। युवाओं को 35 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां देने, महिला सशक्तिकरण, खेल सुविधाओं के विस्तार और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं। इन्वेस्टर्स समिट के तहत मिले 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा-2026 में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का पहुंचना प्रदेश में बेहतर सुविधाओं और धार्मिक पर्यटन के विस्तार का प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि संगठन की ताकत और जनता के आशीर्वाद से भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाकर बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed