हरिद्वार।
विश्व मात्स्यिकी दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगा नदी की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। शनिवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 10 हजार मत्स्य बीज का संचय किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की जलीय जैव विविधता को संरक्षित करने और नदी की पारिस्थितिकी को संतुलित बनाए रखने के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था और संस्कृति का आधार होने के साथ ही समृद्ध प्राकृतिक विरासत एवं जैव विविधता का महत्वपूर्ण स्रोत भी हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि नदियों में मत्स्य बीज संचयन से प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों को बढ़ावा मिलेगा और जलीय पारिस्थितिकी मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने आमजन से गंगा को स्वच्छ रखने, जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों की रक्षा करने और मत्स्य संपदा के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसडीएम योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed