हरिद्वार बास्केटबॉल एसोसिएशन ने युवा खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया विशेष फिटनेस कार्यक्रम

हरिद्वार बास्केटबॉल एसोसिएशन ने युवा खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया विशेष फिटनेस कार्यक्रम

ब्यूरो

Posted no : 19/07/2026

​हरिद्वार।

हरिद्वार बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों, विशेषकर बाल व युवा वर्ग में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एनी टाइम फिटनेस जिम’ में एक विशेष फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शिविर में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए नियमित व्यायाम और शारीरिक मजबूती के महत्व की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम को लेकर उपस्थित युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह और नया जोश देखने को मिला।

​इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैय्यर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल ने देश की जमीनी खेल प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच प्रदान किया है। वहीं, विशिष्ट अतिथि मयंक भाजोराम शर्मा ने ‘फिट इंडिया’ अभियान पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान युवा ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में न केवल शारीरिक शक्ति बढ़ती है, बल्कि टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री नितिन गौतम ने ‘पहला सुख निरोगी काया’ के सूत्र को दोहराते हुए युवाओं से खेल और व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बास्केटबॉल के तकनीकी फायदों को रेखांकित करते हुए बताया कि इस खेल से शारीरिक संतुलन, फुर्ती और एकाग्रता में वृद्धि होती है, साथ ही यह मानसिक तनाव को कम करने में भी बेहद मददगार है।

​इस मौके पर डॉ. हरीश चौहान, अमित कुमार, जिम प्रबंधक उत्कर्ष कुमार, साकेत राजपूत और सुमित सैनी सहित कई खेल प्रेमी और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर हरिद्वार बास्केटबॉल एसोसिएशन ने भविष्य में भी खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के जागरूकता और फिटनेस शिविर नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *