एक्कड़ कलां में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित: स्थायी लोक अदालत में अब ईमेल से दायर कर सकेंगे वाद, वीसी से होगी सुनवाई

एक्कड़ कलां में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित: स्थायी लोक अदालत में अब ईमेल से दायर कर सकेंगे वाद, वीसी से होगी सुनवाई

ब्यूरो

Posted no : 19/09/2026

हरिद्वार।
स्थायी लोक अदालत हरिद्वार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ग्राम एक्कड़ कलां स्थित पंचायत भवन में एक दिवसीय विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कोर यूनिवर्सिटी रुड़की के विधि विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में स्थायी लोक अदालत हरिद्वार की अध्यक्ष एवं न्यायाधीश (उच्चतर न्यायिक सेवा) नीतू जोशी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और स्वागत संबोधन के साथ हुआ, जिसमें ग्रामीणों को कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया।

​शिविर के दौरान कोर यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने आम जनता को सामान्य कानूनी अधिकारों और नियमों की जानकारी दी। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों और उनसे बचाव के तरीकों पर छात्रों ने एक जीवंत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को सतर्क किया।

​मुख्य अतिथि न्यायाधीश नीतू जोशी ने अपने संबोधन में स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने बताया कि 1 करोड़ रुपये तक के मूल्यांकन वाले पब्लिक यूटिलिटी सर्विस (जन उपयोगी सेवाओं) से जुड़े मामले स्थायी लोक अदालत में लाए जा सकते हैं। इनमें बिजली, पानी, परिवहन, डाक व टेलीफोन, बैंकिंग, बीमा, अस्पताल, शिक्षा और आवास से संबंधित विवाद शामिल हैं। उन्होंने यह भी महत्वपूर्ण जानकारी दी कि अब पक्षकारों की सुविधा के लिए स्थायी लोक अदालत में वीसी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) के माध्यम से सुनवाई हो सकती है और ईमेल द्वारा भी वाद दायर किए जा सकते हैं। इसके अलावा, उन्होंने पोक्सो एक्ट और मुफ्त कानूनी सहायता पाने के लिए पात्र व्यक्तियों के बारे में जागरूक किया।

वहीं, डिप्टी एल.ए.डी.सी. रमन कुमार सैनी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों और नालसा (NALSA) के हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में ग्रामीणों और विद्यार्थियों को विस्तार से अवगत कराया, ताकि वे किसी भी कानूनी संकट में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

​कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने ग्राम पंचायत भवन में स्थापित लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण किया और वहां तैनात अधिकार मित्रों के कार्यों की सराहना की। कोर यूनिवर्सिटी विधि विभाग के डीन डॉ. जागेश्वर नाथ ने मुख्य अतिथि व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। ग्राम प्रधान कु० एकता पटेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों को अपने अधिकारों की जानकारी मिलती है और उनकी समस्याओं के समाधान में मदद मिलती है।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *