हरिद्वार।
दीपावली के पर्व को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार के बाजारों में रौनक छाई हुई है। ज्वालापुर, कनखल और उत्तरी हरिद्वार समेत शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। छोटी दिवाली के अवसर पर बाजार रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठे हैं। मिठाइयों, पटाखों, बर्तनों और इलेक्ट्रॉनिक झालरों की दुकानों पर ग्राहकों की खास भीड़ देखने को मिल रही है। वहीं, आधुनिक सजावटी सामानों के बीच पारंपरिक मिट्टी के दीयों और बर्तनों की मांग भी बरकरार है।

दूसरी ओर, त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पटाखों की दुकानों को निर्धारित स्थानों पर लगाने और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग की विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं।

एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि दीपावली को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पटाखों की दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। लोगों से अपील है कि वे सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं और किसी भी लापरवाही से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *