हरिद्वार।
दीपावली के मद्देनजर वन्यजीवों के शिकार और संरक्षित वन क्षेत्रों में अनधिकृत प्रवेश की घटनाओं को रोकने के लिए हरिद्वार वन प्रभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। वन विभाग ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करते हुए दीपावली के दौरान जंगलों में नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि सभी रेंजों में अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जंगलों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। वहीं, बिना अनुमति संरक्षित वन क्षेत्र में प्रवेश करने वालों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग विशेष रूप से उन गतिविधियों को लेकर सतर्क है, जिनमें अंधविश्वास के चलते उल्लू सहित अन्य वन्यजीवों की बलि दिए जाने की आशंका रहती है।

वहीं, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि ने कहा कि दीपावली प्रकाश और मां लक्ष्मी की आराधना का पर्व है। इसमें पशु बलि का कोई स्थान नहीं है। लोगों को श्रद्धा और भक्ति के साथ पर्व मनाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *