कुंभ 2027 में रेल के जरिए भी पहुंचेगी श्रद्धालुओं की भीड़, रेलवे और मेला प्रशासन कर रहा तैयारी
ब्यूरो
Posted no : 11/05/2026
हरिद्वार।
अगले साल हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर मेला प्रशासन और रेलवे ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में मेलाधिकारी सोनिका और उत्तर रेलवे (मुरादाबाद मंडल) की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में भीड़ प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के इस्तेमाल पर सहमति बनी।
मेलाधिकारी सोनिका ने स्पष्ट किया कि हरिद्वार की भौगोलिक स्थिति के कारण भीड़ नियंत्रण चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने होल्डिंग एरिया और स्टेशनों पर एआई आधारित कैमरों की स्थापना पर जोर दिया ताकि भीड़ का सटीक आंकलन हो सके। साथ ही, रेलवे स्टेशनों पर निकास के वैकल्पिक मार्ग और बफर जोन विकसित करने के निर्देश दिए।
रेलवे की ओर से डीआरएम ने बताया कि कुंभ के लिए विशेष मेलाधिकारी रेलवे की नियुक्ति की गई है। हरिद्वार समेत आसपास के 11 स्टेशनों को मेला कार्ययोजना में शामिल किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 33 जोड़ी नियमित ट्रेनों के अलावा प्रमुख स्नानों पर 15 अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। हरिद्वार स्टेशन पर 19,000 की क्षमता वाले पांच होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। समन्वय के लिए मेला नियंत्रण कक्ष में रेलवे की एक विशेष डेस्क भी स्थापित की जाएगी। जल्द ही संयुक्त टीम स्टेशनों का निरीक्षण कर फाइनल रिपोर्ट सौंपेगी।
