मुख्यमंत्री ने तमाम विकास योजनाओं के लिए जारी किया सवा सौ करोड़ रुपए, कुंभ के काम भी होंगे

मुख्यमंत्री ने तमाम विकास योजनाओं के लिए जारी किया सवा सौ करोड़ रुपए, कुंभ के काम भी होंगे

ब्यूरो

Posted no : 22/04/2026

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹124 करोड़ का अनुमोदन प्रदान किया है। इन निर्णयों से राज्य में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा पेयजल एवं बाढ़ सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को सशक्त करने के साथ ही आगामी कुम्भ मेला के अवस्थापना सुविधाओं के विकास में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून में प्रस्तावित नशामुक्ति केन्द्र की स्थापना हेतु ₹7.51 करोड़ की योजना स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन किया है। मुख्यमंत्री द्वारा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अन्तर्गत जिला मुख्यालय अल्मोड़ा में वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR) केन्द्र के प्रथम चरण के कार्य हेतु ₹14 लाख की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री द्वारा UIDF के अंतर्गत न्यू कैंट मार्ग कि.मी. 0.00 से 1.650 (दिलाराम बाजार से विजय कॉलोनी पुल तक) मार्ग को 2 लेन से 3 लेन में अपग्रेड करने के अंतर्गत यूटिलिटी शिफ्टिंग (विद्युत लाईन को यूटीलिटी डक्ट में स्थानान्तरित करने) और पेयजल लाइन के शिफ्टिंग कार्य हेतु ₹12 करोड़ स्वीकृत किये जाने के साथ ही जिला कारागार, पौड़ी में नवीन आवासीय भवन के निर्माण हेतु विशेष योेजना के अन्तर्गत ₹3.70 करोड़ तथा रामनगर पुरानी तहसील की खाली भूमि पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किये जाने हेतु ₹39 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

उन्होंने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत सहसपुर के न्यू कैंट रोड में राज्य योजना के अन्तर्गत के 30 मीटर स्पान के गार्डर पुल के निर्माण हेतु ₹5.36 करोड़ तथा जनपद पौड़ी गढ़वाल में रिखणीखाल के अन्तर्गत द्वारी – भौंन सड़क के निर्माण हेतु ₹3.47 करोड़ स्वीकृत किए हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा विशेष सहायता योजना के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुम्भ मेला 2027 के सुरक्षित एवं सफल आयोजन हेतु हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के तहत हर की पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, कांगड़ा घाट, रोडी बेलवाला घाट एवं पुलों के पुनरूद्धार कार्य हेतु ₹50.23 करोड़ स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

उन्होंने जनपद उधम सिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र किच्छा के ग्राम दरूऊ में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौन्दर्यीकरण किए जाने हेतु ₹25 लाख स्वीकृत करने के साथ ही जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र धारचूला में जसुली देवी के जन्म स्थान दारमा वैली के ग्राम दांतू में निर्मित ऐतिहासिक भवनों का जीर्णाेद्धार एवं सौन्दर्यीकरण किए जाने हेतु ₹70 लाख की योजना स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री द्वारा जनपद टिहरी के विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग में सूर्य मंदिर पलेठी बनगढ़ के सौन्दर्यीकरण हेतु ₹59.15 लाख, जनपद ऊधम सिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र खटीमा स्थित स्थल पर शेड के निर्माण हेतु ₹60 लाख तथा विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के ग्राम पंचायत सुरौण के छुर्मल में मेला स्थल सौन्दर्यीकरण एवं धर्मशाला का निर्माण किये जाने हेतु ₹63 लाख स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री द्वारा नगर निगम देहरादून के अन्तर्गत लैन्सडाउन चौक का नाम महर्षि वाल्मिकी भगवान चौक यथावत रखते हुए कनक चौक का नाम आजाद हिन्द फौज के नायक केसरी चन्द जी के नाम पर रखते हुए शहीद केसरी चन्द चौक किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *