हरिद्वार में जीएसटी चोरी पर बड़ा एक्शन, टीम ने छापेमारी कर वसूले 2.35 करोड़
ब्यूरो
Posted no : 21/05/2026
हरिद्वार।
राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB) ने हरिद्वार संभाग में टैक्स चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए दो व्यावसायिक फर्मों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान दोनों फर्मों के परिसरों में जीएसटी अपवंचन (Tax Evasion) और स्टॉक में भारी गड़बड़ी पकड़ी गई। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही 2.35 करोड़ रुपये का टैक्स और जुर्माना वसूल कर लिया है।
ये कार्रवाई राज्य कर आयुक्त सोनिका के निर्देशों पर की गई। दरअसल, विभाग को शिकायतें मिल रही थीं कि कई फर्में अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ उठाकर अपने रिटर्न में कैश भुगतान को बेहद कम या शून्य दिखा रही हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए अपर आयुक्त डी.एस. नबियाल के नेतृत्व में विशेष जांच दलों का गठन किया गया था।
सर्वे के दौरान व्यापारियों के मौजूदा स्टॉक और ली गई आईटीसी के आंकड़ों में भारी विसंगतियां पाई गईं। जांच अधिकारियों ने मौके से जीएसटी से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है। विभाग के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे के टैक्स और जुर्माने का निर्धारण कर अंतिम वसूली की जाएगी।
