सिडकुल में जीएसटी चोरी और सर्कुलर ट्रेडिंग पर बड़ा एक्शन, 4 फर्मों से 2 करोड़ जुर्माना वसूला

सिडकुल में जीएसटी चोरी और सर्कुलर ट्रेडिंग पर बड़ा एक्शन, 4 फर्मों से 2 करोड़ जुर्माना वसूला

ब्यूरो

Posted no : 17/06/2026

हरिद्वार।
राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा हरिद्वार ने जीएसटी चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीमों ने हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में जीएसटी चोरी और सर्कुलर ट्रेडिंग का खेल कर रहीं 4 कंपनियों पर छापेमारी की है। ये चारों कंपनियां प्लास्टिक प्रोडक्ट का उत्पादन और ट्रेडिंग करती हैं। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर ही इन कंपनियों से 2 करोड़ रुपये का टैक्स और जुर्माना वसूला गया है।

​आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के लिए ज्वाइंट कमिश्नर आर एल वर्मा की अगुवाई में 4 टीमों का गठन किया गया था, जिसमें विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के 12 अधिकारी शामिल थे। जांच में सामने आया कि ये फर्में अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ उठाकर अपने रिटर्न में कैश भुगतान को जीरो या बेहद कम दिखा रही थीं। साथ ही, आपस में सर्कुलर ट्रेडिंग कर फर्जी तरीके से अपने टर्नओवर को बढ़ा रही थीं।

​सर्वे के दौरान स्टॉक और आईटीसी के आंकड़ों में भी गड़बड़ी पाई गई। विभाग ने सभी संदिग्ध फर्मों के महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं, जिनकी जांच के बाद नियमानुसार आगे की रिकवरी की जाएगी। आयुक्त प्रतीक जैन ने स्पष्ट किया है कि फर्जी आईटीसी के जरिए टैक्स चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ये अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *