अल्मोड़ा।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें 36 लोगों की मौत हो गई जबकि 27 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब अल्मोड़ा से रामनगर जा रही बस मार्चुला के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। बस के खाई में गिरने से चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों के जरिए राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। कई घंटे तक बस में से शवों और घायलों को निकालने का सिलसिला जारी रहा। गंभीर रूप से घायल कई लोगों को एयर एंबुलेंस के जरिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया।

सीएम ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, मुआवजे का ऐलान

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए और संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत बचाव के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अल्मोड़ा के एआरटीओ को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं कुमाऊं कमिश्नर को मामले की मजिस्ट्रियल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को एक- एक लाख का मुआवजा दिए जाने का ऐलान भी किया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने देर शाम रामनगर स्थित रामदत्त चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हाल जाना और प्रशासन के अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। अल्मोड़ा में हुई भीषण दुर्घटना पर देश के राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, समेत तमाम बड़े नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *