देहरादून।
वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने मंगलवार को विधानसभा में साल 2024-25 के लिए बजट पेश किया। 89,230.07 करोड़ का यह बजट पिछले साल की तुलना में 15. 27 फ़ीसदी ज़्यादा है। बजट में 88597.11 करोड़ का राजस्व प्राप्तियों का अनुमान है। जिसमें 60552.90 करोड़ राजस्व और 28044.21 करोड़ पूंजीगत प्राप्तियां शामिल बताई गई। बजट में महिला वर्ग, किसान, गरीब, युवा पर खास फोकस किया गया है। सूचना प्रौद्योगिकी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से भी सरकारी तंत्र को सरल सुगम बनाकर विकास की नई राह तैयार करने के साथ हर पीढ़ी के सपनों को साकार करने का संकल्प भी लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बजट को सर्व समावेशी समग्र और विकासोन्मुखी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लिए जो चार स्तंभ बताए हैं यह बजट उन्हीं को समर्पित है।
मंगलवार को पेश किए गए बजट में वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने करीब 100 मिनट के 63 प्रष्ठो वाले भाषण में वित्त मंत्री ने नए वित्त वर्ष में 55815.77 करोड़ राजस्व के खर्च का अनुमान लगाया है। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड का बजट भारत के चार स्तंभ गरीब युवा महिला और किसानों को समर्पित है। इसमें सभी वर्गों का खास ख्याल रखा गया है।
विपक्ष ने बजट को बताया निराशाजनक
वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बजट को असफल बजट बताते हुए कहा कि बजट में सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी और जुमलेबाजी है। सरकार के बजट से हर वर्ग निराशा है। उन्होंने कहा कि किसान, श्रमिक, कर्मचारी दलित जैसे वर्गों को बजट में कुछ भी नहीं मिला है।
