सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता हुई आयोजित, छात्रों ने रखे विचार
ब्यूरो
Posted no : 22/09/2026
हरिद्वार।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इस कड़ी में मंगलवार को ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से हर्षिता, आदर्श, सूरज चंद्र, हिमांशु, पवन चंद्र और अनुज कुमार ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से देश के विकास, संस्कृति, परंपराओं और अपने सपनों के भारत की परिकल्पना के विभिन्न आयामों पर विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता में साहित्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज किशोर पंत और शिक्षाशास्त्र विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अरविंद नारायण मिश्रा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। दोनों निर्णायकों ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर चर्चा और मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. कंचन तिवारी ने कहा कि सपनों के भारत की परिकल्पना में गाय, गंगा और गीता जैसे भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों एवं परंपराओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी प्रो. बिंदुमती द्विवेदी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। सह-नोडल अधिकारी मीनाक्षी सिंह रावत ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए विभिन्न विभागों के आचार्यों की जिम्मेदारियों और कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की भागीदारी पर प्रकाश डाला। शांति पाठ के साथ भाषण प्रतियोगिता का समापन किया गया।
