गंगा की निर्मलता से प्रेरणा लेकर विश्व कल्याण के लिए जुटें – सतपाल महाराज
ब्यूरो
Posted no : 20/09/2026
हरिद्वार।
आध्यात्मिक गुरु एवं उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का 75वां जन्मदिन सोमवार को श्रद्धालुओं की मौजूदगी में धूमधाम से मनाया जा रहा है। जन्मदिन के उपलक्ष्य में ऋषिकुल मैदान में आयोजित दो दिवसीय समारोह का रविवार को शुभारंभ हुआ। विशाल पंडाल में सतपाल महाराज के पहुंचते ही हजारों अनुयायियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। समारोह में संगीतमयी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।
श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि हरिद्वार का देवभूमि उत्तराखंड में विशेष महत्व है। गंगा पूरे संसार को निर्मलता और पवित्रता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गंगा से प्रेरणा लेकर जात-पात के भेदभाव को भूलते हुए देश और समाज के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। आध्यात्मिक मार्ग पर चलते हुए चरित्र निर्माण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय मनीषियों ने दुनिया को मानवता और सेवा का मार्ग दिखाया है। धर्म और अध्यात्म के माध्यम से चरित्र निर्माण करते हुए भारत भूमि को समृद्ध और सशक्त बनाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।
सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं से सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ ही देवभूमि उत्तराखंड की मान-मर्यादा और संस्कृति को अक्षुण्ण रखने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गंगा की पवित्रता, निर्मलता और अविरलता करोड़ों श्रद्धालुओं को हरिद्वार की ओर आकर्षित करती है। समारोह में उनकी धर्मपत्नी अमृता रावत, पुत्र विभू महाराज, सुयश महाराज, पुत्रवधू आराध्या रावत, मोहिना कुमारी, रीवा राजघराने से पुष्पराज भूदेव, रागिनी सिंह, विधायक दिव्य राजसिंह, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
