सड़कों की बदहाली पर डीएम सख्त, ठेकेदार को फटकार, एक सप्ताह में मरम्मत के निर्देश

सड़कों की बदहाली पर डीएम सख्त, ठेकेदार को फटकार, एक सप्ताह में मरम्मत के निर्देश

ब्यूरो

Posted no : 30/09/2026

हरिद्वार।
भूपतवाला और सप्तसरोवर क्षेत्र में सीवरेज कार्य के बाद बदहाल पड़ी सड़कों की धीमी गति से हो रही मरम्मत पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने नाराजगी जताई है। बुधवार को पुराना एआरटीओ चौक, सप्तऋषि मार्ग समेत आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उन्होंने सड़क मरम्मत की स्थिति का जायजा लिया। काम की गति अपेक्षित नहीं मिलने पर डीएम ने संबंधित कॉन्ट्रैक्टर को कड़ी फटकार लगाई और गुणवत्ता के साथ एक सप्ताह में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से पाए गए, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों, वाहन चालकों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सीवरेज कार्य से क्षतिग्रस्त सभी सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापना जल्द पूरी कराने के साथ क्षतिग्रस्त सीवर चैंबरों को भी प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग और लोनिवि के अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने को कहा गया।

डीएम ने जल संस्थान को सीवरेज कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को एक सप्ताह में ठीक कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को पोलों से अनधिकृत होर्डिंग, पोस्टर और बैनर हटाने तथा सड़क किनारे लगे विद्युत बॉक्स और अव्यवस्थित तारों को दुरुस्त करने को कहा गया। नगर निगम को क्षेत्र में विशेष सफाई और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूपतवाला और सप्तसरोवर हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं, इसलिए यहां सड़क, सीवरेज, पेयजल, विद्युत और सफाई व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों को मौके पर दिए गए निर्देशों के अनुपालन की नियमित निगरानी करने को भी कहा गया।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *