मनसा देवी मंदिर के पुजारी पहनेंगे बिना जेब के कुर्ते, महंत ने बांटे कुर्ते
ब्यूरो
Posted no : 15/07/2026
हरिद्वार।
हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से प्राप्त दान के लिए पारदर्शिता बनाए जाने को लेकर मंदिर ट्रस्ट ने एक खास पहल की है। इस मंदिर के सभी पुजारी और कर्मचारियों के लिए बिना जेब के वस्त्र पहना अनिवार्य कर दिया गया है। बुधवार को मनसा देवी मंदिर में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी ने पुजारियों और कर्मचारियों को बिना जब के कुर्ते बांटे। इस दौरान महंत रविंद्र पुरी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और पुजारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
दरअसल पिछले दिनों देश के कुछ प्रमुख मंदिरों में कथित चढ़ावा चोरी की घटनाओं के बाद मनसा देवी मंदिर प्रबंधन की ओर से ये कदम उठाया गया है। महंत रविंद्र पुरी का कहना है कि सोशल मीडिया पर तमाम फोटो और वीडियो के जरिए मंदिर को बदनाम किया जाता है। जिससे श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी ठेस पहुंचती है। लिहाजा दान दक्षिणा के धन को लेकर पारदर्शिता बनी रहे इसलिए ये कदम उठाया गया है।
