लक्सर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो अवैध मावा फैक्ट्रियां सील
ब्यूरो
Posted no : 16/07/2026
हरिद्वार।
लक्सर क्षेत्र में प्रशासन ने मिलावटी और बिना लाइसेंस के चल रहे खाद्य कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग, तहसील प्रशासन और लक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने खरंजा कुतुबपुर क्षेत्र में संचालित हो रही दो अवैध मावा निर्माण इकाइयों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई का नेतृत्व गढ़वाल मंडल के अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा आर.एस. रावत ने किया। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान कुरबान और इलियास नामक दो संचालक बिना किसी वैध फूड लाइसेंस के मावा निर्माण और दूध की बिक्री करते पाए गए। मौके पर जांच दल को कोई भी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके, जिसके बाद दोनों प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
विभाग ने मावा निर्माण में प्रयुक्त हो रहे दूध के तीन नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही बिना लाइसेंस इकाई चलाने के आरोप में दोनों संचालकों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
