नई पहल: जिला मुख्यालय से वर्चुअली जुड़ेंगी ग्राम पंचायतें, सीडीओ ने किया 25 ‘मिनी सचिवालयों’ का उद्घाटन
ब्यूरो
Posted no : 20/04/2026
हरिद्वार।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले में एक अभिनव पहल शुरू की गई है जिसमें ग्राम पंचायतों में बने मिनी सचिवालयों में ग्राम प्रधानों के माध्यम से क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। जिसका शुभारंभ सोमवार को वर्चुअल माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र द्वारा किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड राज्य के 25 वे रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जनपद में जो पंचायत भवन जीर्णशीर्ण हो गए थे,उनका पंचायती राज विभाग द्वारा जीर्णोद्वार किया गया,जिसमें सभी ब्लॉकों के 25 पंचायत भवनों को सुशोजित करते हुए मिनी सचिवालय नाम रखा गया है।उन्होंने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभिनव पहल की गई है,जिसमें तैयार किए गए मिनी सचिवालयों में क्षेत्रीय जनता की समस्या ग्राम प्रधान द्वारा सुनी जाएगी तथा प्रत्येक सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हो रहे जन सुनवाई कार्यक्रम को मिनी सचिवालयों से भी वर्चुअल माध्यम से जोड़ा जायेगा तथा क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर की समस्याओं का व्हाट्सएप के माध्यम से आवेदन पत्र उपलब्ध कराया जायेंगे, जिसका जिले स्तर से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह देश का पहला जनपद है, जहां इस तरह की पहल की गई है और जिसका उद्घाटन आज वर्चुअल माध्यम से किया गया है। उन्होंने अवगत कराया है कि क्षेत्रीय जनता को अपनी समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा।
रजत जयंती के अवसर पर तैयार किए गए मिनी सचिवालय कुल 25 जिसमें बहादराबाद ब्लॉक में 08, भगवानपुर में 03,रुड़की में 05,नारसन में 05 एवं लक्सर में 03,खानपुर में 01 मिनी सचिवालय तैयार किया गया है, जहां प्रत्येक सोमवार को ग्राम प्रधान द्वारा ग्रामीणों की समस्या सुनी जाएगी। जिला कलेक्ट्रेट भवन में सोमवार को आयोजित हुई जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 42 शिकायतें पहुंची जिसमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
