हरिद्वार।
हरिद्वार में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। यहां सिडकुल में ईएसआईसी हॉस्पिटल के साथ मेडिकल कॉलेज भी बनेगा, जिसके लिए सरकार की ओर से भूमि आवंटित कर दी गई है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में निर्माणाधीन 300 बेड के ईएसआईसी हॉस्पिटल में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति दी गई थी। जिसके बाद राज्य सरकार ने अस्पताल के पास ही करीब साढ़े 12 एकड़ भूमि आवंटित कर दी है।

भूमि उपलब्ध होने के बाद 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी जल्द शुरू होने वाला है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अंतर्गत आने वाले श्रमिकों के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के द्वारा करीब तीन सौ करोड़ की लागत से 300 बेड वाला आधुनिक अस्पताल तैयार किया जा रहा है। जिसका लाभ जनवरी से लोगों को मिलना शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिल जाने से हरिद्वार जनपद औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ मेडिकल और मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में भी हब के रूप में स्थापित हो जाएगा।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का कहना है कि भूमि का चयन होने के बाद उसका आवंटन कर दिया गया है। जिससे यहां लाखों की संख्या में कार्यरत श्रमिकों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिलने के साथ-साथ मेडिकल के छात्रों को भी पढ़ाई करने का मौका मिल सकेगा। कंस्ट्रक्शन कंपनी के जनरल मैनेजर रविंद्र सिंह के अनुसार ईएसआईसी हॉस्पिटल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है, यहां डे-नाइट शिफ्ट में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। इसके अलावा अधिकारी भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। उम्मीद है कि अगले साल की शुरुआत में हॉस्पिटल का उद्घाटन हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *