हरिद्वार।
हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के प्रचार-प्रसार को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और थीम सॉन्ग का लोकार्पण किया। इस पहल के जरिए कुंभ की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कुंभ का आधिकारिक लोगो हरिद्वार की धार्मिक विरासत और सनातन परंपरा को दर्शाता है। इसमें मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल, सूर्योदय, शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल और डमरू के साथ मां मनसा देवी एवं मां चंडी देवी की पहाड़ियों को स्थान दिया गया है। लोगो का डिजाइन हरिद्वार निवासी मधु शर्मा ने तैयार किया है। इसके चयन के लिए राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से सैकड़ों प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं।

वहीं, ‘कुंभ का पर्व आ गया’ थीम सॉन्ग कुंभ के आने की खुशी, श्रद्धालुओं की आस्था और साधु-संतों के उत्साह को स्वर देता है। गीत की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार के राघव राजा ने तैयार किया है। सुनिये कुंभ का गाना..
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा और जनआस्था का विराट उत्सव है। लोगो और गीत के माध्यम से आयोजन की पहचान को व्यापक बनाने में मदद मिलेगी। कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
