हरिद्वार।
हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा देवपुरा में बनाया गया ‘हरिद्वार स्पोर्ट्स कंपलेक्स’ अब साधारण और निम्न आय वर्ग वाले परिवारों के बच्चों को निशुल्क कोचिंग देने जा रहा है। इंटरनेशनल मानकों वाले स्टेडियम में सर्टिफाइड कोच के द्वारा ट्रेनिंग पाकर बच्चे अपनी खेल की प्रतिभा को निखार सकेंगे। इस खास स्कॉलरशिप प्रोग्राम के लिए शनिवार को भल्ला इंटर कॉलेज और हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के छात्रों का क्रिकेट स्टेडियम में ट्रायल हुआ।

क्रिकेट, बैडमिंटन और फुटबॉल के लिए 100 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। चयनित खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कंपलेक्स की ओर से फ्री कोचिंग दी जाएगी। सरकारी स्कूलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने भी क्रिकेट और दूसरे खेलों में फ्री कोचिंग पाने के लिए जी जान से ट्रायल दिया। सभी खेलों के प्रशिक्षकों ने तमाम पैरामीटर के आधार पर खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखा।

संसाधनों का अभाव नहीं बनेगा बाधा

हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के वीसी अंशुल सिंह का कहना है कि सामान्य परिवारों के जो बच्चे खेलों में रुचि रखते हैं, और अच्छा खेलते हैं। लेकिन संसाधनों के अभाव में अच्छा प्रशिक्षण नहीं ले पाते ऐसे खिलाड़ियों को मौका देने के सौ प्रतिशत स्कॉलरशिप प्रोग्राम चलाया जा रहा है।

 

ट्रायल में प्रतिभाग करने पहुंचे भल्ला इंटर कॉलेज के छात्र दीवांश का कहना है कि अगर उनका इस स्कॉलरशिप प्रोग्राम में चयन होता है तो उन्हें बहुत हेल्प मिलेगी और खेल में काफी सुधार होगा। वहीं हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के छात्र अभिमन्यु का कहना है कि उन्हें क्रिकेट खेलना बहुत पसंद है। लेकिन अच्छी गाइडेंस नहीं मिल पाती है। अगर ट्रायल में चयन होता है तो वे जी जान से खेलेंगे और नेशनल लेवल पर खेल कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *