कांवड़ मेला: लगातार दूसरे दिन हादसा, दो कांवड़ियों की दर्दनाक मौत
ब्यूरो
Posted no : 01/08/2026
हरिद्वार।
हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे दो कांवड़ियों की शनिवार दोपहर एक हादसे में मौत हो गई। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के भारी गाटर के अचानक खिसक जाने से दोनों कांवड़िए उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और अन्य कांवड़ियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार ग्राम बड़ेढ़ी राजपूतान में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के गाटरों के पास हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िए विश्राम कर रहे थे।
इसी दौरान एक कांवड़िया गाटर पर चढ़ गया, जिससे भारी गाटर अचानक फिसलकर नीचे बैठे कांवड़ियों पर गिर पड़ा। हरिद्वार की एसपी क्राइम निशा यादव ने जानकारी दी कि मृतकों की पहचान मेरठ जिला निवासी 21 वर्षीय तनुज और 22 वर्षीय जिला गाजियाबाद निवासी कृष्णा के रूप में हुई है। हादसे में बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
