हरिद्वार।
गंगनहर बंदी समाप्त होते ही धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा की अविरल धारा फिर से बहने लगी है। शनिवार रात उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से भीमगोड़ा बैराज से गंगाजल छोड़े जाने के बाद रविवार को हरकी पैड़ी समेत तमाम गंगा घाटों पर रौनक लौट आई। दीपावली के पावन पर्व पर गंगा में जलस्तर सामान्य होने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
दरअसल, हर साल दशहरा से छोटी दीपावली की रात तक गंगनहर की मरम्मत और रखरखाव के लिए बंदी की जाती है। इस बार भी 18 दिनों तक गंगनहर बंद रही। इसके चलते हरकी पैड़ी पर पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं था और श्रद्धालुओं को निराश होकर लौटना पड़ रहा था।
गंगा की धारा लौटने से तीर्थ पुरोहितों और श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। पुरोहित जितेंद्र पांडेय का कहना है कि मां गंगा के बिना हरिद्वार की धार्मिक रौनक अधूरी है।
