हरिद्वार।
उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद हरिद्वार में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों को पटका और माला पहनाकर सम्मानित किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। वहीं, विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, किसानों और मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य ने 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने हरिद्वार में यूसीसी के एक लाख से अधिक पंजीकरण, 23 हजार से अधिक महिलाओं के लखपति दीदी बनने और सरकारी योजनाओं से लाखों लोगों को मिल रहे लाभ का उल्लेख किया।
इस मौके पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रतिभाग किया।
