हरिद्वार में अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा रुख, डीएम ने दिए नोडल अधिकारियों को सख्त निर्देश

हरिद्वार में अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा रुख, डीएम ने दिए नोडल अधिकारियों को सख्त निर्देश

ब्यूरो

Posted no : 09/09/2026

हरिद्वार।
आगामी कुंभ मेले को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को मेला नियंत्रण भवन में नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कुंभ क्षेत्र को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करने की कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले की भव्यता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध निर्माण या कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भूपतवाला,भीमगोड़ा, लालतारा पुल, बाल्मीकि चौक, मनसा देवी मार्ग और रोड़ी बेलवाला सहित प्रमुख स्थलों पर चिन्हित स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने के आदेश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यह कार्रवाई केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित ना रहे, बल्कि अतिक्रमण को जड़ से समाप्त कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उन स्थानों पर दोबारा कब्जे ना हों। इसके साथ ही मनसा देवी रेलवे ट्रैक के आसपास फैले अतिक्रमण पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

​मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डीएम ने विद्युत विभाग को नगर क्षेत्र से अवैध बिजली कनेक्शन काटने और झूलते हुए तारों को तुरंत व्यवस्थित करने के निर्देश जारी किए। रोड़ी बेलवाला से सीसीआर तक पुलिस और प्रशासन का संयुक्त इनफोर्समेंट अभियान चलाया जाएगा। इस पूरे अभियान की दैनिक समीक्षा की जाएगी, जिससे कुंभ मेले के आयोजन और निर्माण कार्यों में कोई बाधा उत्पन्न ना हो।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *